शौच के लिए गई अनुसूचित जाति की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म
सांकेतिक तस्वीर
उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में सोमवार को एक बड़ी घटना सामने आई। अनुसूचित जाति की एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने किशोरी को अगवा किया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी उस समय शौच के लिए जा रही थी उसी दौरान उसे अगवा किया गया।
घटना कासगंज जनपद के थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के एक गांव की है। रविवार की रात्रि चार युवकों ने एक अनुसूचित किशोरी को अगवा करके उसके साथ यूके लिप्टस के बाग में बारी-बारी से दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद किशोरी बेहोश अवस्था में बाग में पड़ी रही। होश आने पर उसने अपने साथ हुई ज्यादती की जानकारी दी।
किशोरी ने बताया गया है कि वह रविवार रात को घर से शौच करने के लिए गई थी। इसी दौरान चार आरोपी घनश्याम, रामजीत, पुष्पेंद्र व अंकित ने उसे अगवा कर लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
किशोरी जब होश में आई तब वह घर पहुंची। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। सामूहिक दुष्कर्म की घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम सीपी सिंह और एसपी सुशील घुले जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित किशोरी व परिजनों से घटना की जानकारी ली। इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने थाना पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।